Gwalior Accident: ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे में कथित लापरवाही को लेकर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा तीन थाना प्रभारियों, एक निरीक्षक यातायात, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षकों समेत कुल 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
इन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा और झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी को निलंबित किया गया है। इनके अलावा निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी, आरक्षक किशन खन्ना, आरक्षक अनिल जैतपुरिया और आरक्षक पवन सेंगर के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख की मदद
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया था। राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए गए हैं।
घायलों का मुफ्त इलाज
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराया जाए। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से बताए गए हैं। सरकार की ओर से घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों और घायलों को जरूरी मदद उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
बाबा महाकाल से की प्रार्थना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Read More:
यूपी में किसानों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति सीटें दोगुनी, अब 2,820 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

