HomeBreaking Newsद्वारका एक्सप्रेसवे टनल में दर्दनाक हादसा, दीवार से टकराई कार, इंजन उखड़ा...

द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में दर्दनाक हादसा, दीवार से टकराई कार, इंजन उखड़ा और लगी आग, 22 वर्षीय युवक की मौत

Dwarka Expressway Accident: दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे की सुरंग में तेज रफ्तार के चलते एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सुरंग की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और वाहन में आग लग गई। इस हादसे में कार चला रहे 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

लुधियाना से गुरुग्राम लौट रहा था युवक

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अभिनव सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था और गुरुग्राम के सेक्टर-42 में रहता था। हादसे के समय वह लुधियाना से गुरुग्राम लौट रहा था। दुर्घटना शिव मूर्ति इंटरचेंज के पास उस मोड़ पर हुई, जहां सुरंग राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से जुड़ती है।

80 की निर्धारित सीमा के बावजूद 200 की रफ्तार

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अभिनव अपनी मॉडिफाइड फॉक्सवैगन वर्टस कार चला रहा था। सुरंग में वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में उसकी कार करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही है। पुलिस के अनुसार, तेज गति के कारण मोड़ पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे सुरंग की दीवार से जा टकराया।

हादसे से पहले दोस्तों को भेजा था स्पीडोमीटर का वीडियो

जांच के दौरान एक और अहम जानकारी सामने आई है। हादसे से कुछ ही क्षण पहले अभिनव ने अपनी कार के स्पीडोमीटर की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए थे। उसने ये तस्वीरें और वीडियो स्नैपचैट के जरिए अपने दोस्तों को भेजे थे। दिल्ली पुलिस अब मामले की जांच के लिए इन तस्वीरों और वीडियो को तकनीकी साक्ष्य के तौर पर रिकवर करने की कोशिश कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभिनव का शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। उसकी मां बिहार में शिक्षिका हैं। पुलिस ने उन्हें हादसे की सूचना दे दी है।

लापरवाही से फिर उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल

यह हादसा तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खतरनाक नतीजों को सामने लाता है। सुरंग जैसे स्थानों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है। ओवरस्पीडिंग और स्टंटबाजी न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।

Read More:

PM मोदी आज कर्नाटक को देंगे 15,600 करोड़ की सौगात, बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन समेत कई परियोजनाओं का करेंगे शुभांरभ

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments