भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र (RBCC) में डूरंड कप 2026(Durand Cup 2026) की प्रतिष्ठित ट्रॉफियों का अनावरण किया। इस खास अवसर पर भारतीय नौसेना प्रमुख कृष्णा स्वामीनाथन भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति मुर्मू और एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने संयुक्त रूप से ट्रॉफियों को दिखाकर टूर्नामेंट की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत की। ट्रॉफियों के अनावरण के साथ ही डूरंड कप 2026 के ट्रॉफी टूर का भी शुभारंभ हो गया।
इस अभियान के तहत टूर्नामेंट की ट्रॉफियों को देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य फुटबॉल प्रशंसकों को प्रतियोगिता से जोड़ना और खेल की तरफ लोगों के अंदर उत्साह और भागीदारी को बढ़ावा देना है। ट्रॉफी टूर के दौरान प्रशंसकों को प्रतिष्ठित खिताब के करीब आने और फुटबॉल की इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का जश्न मनाने का मौका मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह पहल देश में फुटबॉल संस्कृति को और मजबूत करने में मदद करेगी।
भारतीय फुटबॉल विरासत का प्रतीक है डूरंड कप
डूरंड कप भारत के सबसे पुराने और सम्मानित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल है। इसकी शुरुआत वर्ष 1888 में हुई थी और समय के साथ यह प्रतियोगिता भारतीय फुटबॉल की पहचान का अहम हिस्सा बन गई। इस टूर्नामेंट में देश के प्रमुख फुटबॉल क्लब और टीमें हिस्सा लेती हैं।
राष्ट्रपति भवन में ट्रॉफियों का अनावरण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि डूरंड कप 2026 के लिए बढ़ते उत्साह और तैयारियों का संकेत भी है। यह आयोजन भारतीय फुटबॉल के गौरवशाली इतिहास और भविष्य की संभावनाओं को एक साथ प्रस्तुत करता है।