उत्तर प्रदेश के कासगंज(Kasganj) एक दुर्घटना की खबर सामने आई है। सोमवार शाम एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक, यह विमान अलीगढ़ की धनीपुर हवाई पट्टी से नियमित प्रशिक्षण उड़ान के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने की आशंका जताई जा रही है जिसके बाद विमान कासगंज पुलिस लाइन के पीछे वाले इलाके में जाकर गिर गया। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना में विमान उड़ा रही 27 वर्षीय प्रशिक्षु पायलट कायनात जो मुंबई की रहने वाली हैं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और उन्हें जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान में दो प्रशिक्षु पायलट भी मौजूद थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
तकनीकी जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
प्रारंभिक स्तर पर तकनीकी खराबी को दुर्घटना की वजह के रूप में देखा जा रहा है हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इस घटना से जुड़ी सटीक जानकारी का खुलासा पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही अलीगढ़ स्थित प्रशिक्षण केंद्र और संबंधित विमानन अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है।
फिलहाल विशेषज्ञ टीम विमान के मलबे और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।