देशभर में झुलसती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 15 से ज्यादा राज्यों में मानसून से पहले बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई। साथ ही प्रदेश की राजधानी पटना में बारिश के कारण 4 फ्लाइट डाइवर्ट की गईं, जबकि 18 फ्लाइट ने देरी से उड़ान भरी जिस कारण लगभग 500 यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आज बिहार के 25 जिलों में बारिश की संभावना जताई है।

वहीं बात अगर उत्तर प्रदेश की करें तो यहां पिछले 24 घंटे में आंधी-तूफान के कारण 31 लोगों की मौत हो गई। सहारनपुर में बारिश के पानी में 10 गाड़ियां बह गईं, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
पंजाब और चंडीगढ़ में आज (शनिवार) अचानक से मौसम बिगड़ गया, पंजाब के कई हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पठानकोट में सुबह-सुबह बारिश के साथ-साथ ओले गिरने से मौसम सुहावना हो गया। मोहाली, लुधियाना, फरीदकोट और जालंधर में भी सुबह से ही लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की समस्या भी पैदा हो गई।

मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए पंजाब स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने अगले 24 घंटों में अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, पटियाला में कई स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। अथॉरिटी का कहना है कि यदि कोई इमरजेंसी हो तो 112 पर कॉल करें।

