पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी(Geeta Colony) फ्लाईओवर पर सोमवार दोपहर एक गंभीर सड़क दुर्घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक व्यक्ति अपनी दो बेटियों के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था तभी फ्लाईओवर के लूप वाले हिस्से में बाइक अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और बैरियर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक से उछलकर करीब 30 फीट नीचे सड़क पर जा गिरे जबकि बाइक फ्लाईओवर पर ही फंसी रह गई।
घायल व्यक्ति की पहचान आशीष के रूप में हुई है, जो सोनिया विहार इलाके में अपने परिवार के साथ रहते हैं और पुताई का काम करते हैं। जानकारी के अनुसार, वह अपनी 12 वर्षीय बेटी रूबी और 11 वर्षीय बेटी मानसी को लेकर दरियागंज स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया।
बेटियों को आई गंभीर चोटें
दुर्घटना में आशीष और उनकी बड़ी बेटी रूबी को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर बताई जा रही है। वहीं छोटी बेटी मानसी को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगी हैं। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है और चिकित्सक उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने बताई दुर्घटना की वजह
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:40 बजे हुआ। फ्लाईओवर के जिस हिस्से पर दुर्घटना हुई वहां तीखा घुमाव है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण वह बैरियर से टकरा गई। हादसे के समय दोनों बच्चियों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था जिससे चोटों की गंभीरता बढ़ गई।