अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस(International Yoga Day) के अवसर पर रविवार को दिल्ली-एनसीआर योगमय नजर आया। राजधानी से लेकर गाजियाबाद तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। सुबह के समय पार्कों, खेल परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रमुख कार्यक्रम में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के नेतृत्व में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, डीडीए के उपाध्यक्ष डॉ. एन. सरवन कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने योगाभ्यास के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना और योग के महत्व को समझा।
राजधानी में व्यापक स्तर पर की गई तैयारियां
राजधानी में इस वर्ष योग दिवस के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। विभिन्न सरकारी और सामाजिक संगठनों के सहयोग से शहर के कई प्रमुख स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपने खेल परिसरों और बड़े पार्कों में विशेष योग सत्रों का आयोजन किया। जहां सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। द्वारका, साकेत, रोहिणी, वसंत कुंज और सीरी फोर्ट जैसे क्षेत्रों में सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिली।
मंत्रियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के कार्यक्रमों में लिया भाग
दिल्ली सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम बताया गया।



