दिल्ली(Delhi) को साफ और बेहतर बनाने के लिए 17 अगस्त से 2 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी – स्वच्छता अभियान 2026’ के तहत राजधानी के अलग-अलग इलाकों में लंबे समय से जमा कूड़े और गंदगी को हटाने पर जोर रहेगा। अभियान की शुरुआत सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय से की जाएगी।
इस अभियान को केवल एमसीडी तक सीमित नहीं रखा गया है। एनडीएमसी, दिल्ली छावनी बोर्ड और दिल्ली सरकार के विभिन्न विभाग भी इसमें शामिल होंगे। शहरी विकास विभाग ने संबंधित एजेंसियों को रोजाना और साप्ताहिक स्तर पर किए जाने वाले कामों की जिम्मेदारी दी है। अभियान की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है।
कूड़े के हॉटस्पॉट पर रोज होगी सफाई
अभियान के दौरान उन जगहों की नियमित सफाई की जाएगी, जहां अक्सर कूड़ा जमा होता है। सड़कों और फुटपाथों की गहरी सफाई के साथ जरूरत के अनुसार रात में भी सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसका मकसद सिर्फ कूड़ा हटाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक जगहों की स्थिति में भी सुधार करना है।
गड्ढों और दूसरी समस्याओं पर भी फोकस
सफाई के साथ सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत भी अभियान का हिस्सा होगी। इसके अलावा शहर में गंदे फुटपाथ, अवैध पोस्टर और खराब हालत वाले सार्वजनिक परिसरों पर भी कार्रवाई की जाएगी। यानी अभियान में दिल्ली की सफाई के साथ सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
2 अक्टूबर तक चलेगी मुहिम
सरकार का लक्ष्य अभियान के दौरान अलग-अलग इलाकों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और गंदगी वाले स्थानों पर लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करना है। अब देखना होगा कि करीब डेढ़ महीने तक चलने वाली यह मुहिम दिल्ली की सफाई व्यवस्था में कितना स्थायी बदलाव ला पाती है।