दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस और INDIA गठबंधन की अन्य पार्टियां जहां कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर 1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली करने की तैयारी कर रही हैं वहीं BJP ने भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए अपनी रणनीति तेज कर दी है।
इसी कड़ी में बुधवार यानी आज दिल्ली के चांदनी चौक से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ पदयात्रा निकाली जाएगी। इस मार्च का नेतृत्व BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन(Nitin Nabin) करेंगे।
चांदनी चौक में जुटेंगे BJP के बड़े नेता
BJP की इस पदयात्रा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली BJP अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसदों और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम शाम करीब चार बजे शुरू होने की उम्मीद है। पार्टी की ओर से इस मार्च में 15 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान जताया गया है। BJP इस आयोजन के जरिए SIR को लेकर अपनी बात जनता तक पहुंचाना चाहती है। साथ ही, पार्टी का उद्देश्य विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के बीच अपने पक्ष को मजबूती से रखना है।
SIR के मुद्दे पर BJP और विपक्ष आमने-सामने
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस और INDIA गठबंधन की दूसरी पार्टियां लगातार सवाल उठा रही हैं। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के कारण चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। इस मामले में विपक्ष ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।
वहीं, BJP इन आरोपों को खारिज करते हुए कह रही है कि विपक्ष SIR की प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैला रहा है। इसी संदेश को जनता तक पहुंचाने के लिए पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया है।
राजनीतिक टकराव के बीच अहम होगी पदयात्रा
दिल्ली में होने वाला यह मार्च ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है जब SIR को लेकर दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी तेज है। ऐसे में BJP की पदयात्रा को विपक्ष के अभियान के जवाब में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।