Defence Minister Rajnath Singh Lucknow Visit: राजधानी लखनऊ शनिवार को एक नई ऐतिहासिक सौगात का गवाह बनने जा रही है। भारतीय नौसेना के शौर्य, पराक्रम और तकनीकी क्षमता को समर्पित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का भव्य लोकार्पण केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। सीजी सिटी क्षेत्र में विकसित यह परियोजना राजधानी के पर्यटन मानचित्र पर एक नए आकर्षण के रूप में उभरने जा रही है।
उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे राजनाथ सिंह
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुबह 11:10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह 11:25 बजे नौसेना शौर्य वाटिका पहुंचेंगे और सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।
एक्सप्रेसवे परियोजना की भी करेंगे समीक्षा
लखनऊ दौरे के दौरान रक्षा मंत्री लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की अंतिम समीक्षा भी करेंगे। माना जा रहा है कि 15 जून के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं। एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद लखनऊ और कानपुर के बीच सफर का समय घटकर करीब 45 से 50 मिनट रह जाएगा।
युवाओं में बढ़ेगी राष्ट्रभक्ति की भावना
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि नौसेना शौर्य वाटिका भारतीय नौसेना के वीर जवानों और अधिकारियों को समर्पित श्रद्धांजलि स्थल है। यह संग्रहालय युवाओं और बच्चों को देशभक्ति, सैन्य गौरव और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करेगा। यहां आने वाले लोग नौसेना की भूमिका और समुद्री सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को भी समझ सकेंगे।
पर्यटन मानचित्र पर उभरेगा नया केंद्र
भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से तैयार यह ओपन एयर म्यूजियम आधुनिक इंटरप्रिटेशन सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। सरकार को उम्मीद है कि यह परियोजना राजधानी में सैन्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि करेगी।
INS गोमती रहेगा मुख्य आकर्षण
नौसेना शौर्य वाटिका का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय नौसेना का सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती होगा। यह युद्धपोत 28 मई 2022 को सेवा से रिटायर हुआ था। इसके अलावा यहां एंकर, AK-726 मीडियम रेंज गन, CET-53M पनडुब्बी अवरोधक, जिफ-101 लॉन्चर, कैपस्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और जहाज का प्रोपेलर भी प्रदर्शित किए गए हैं।
नौसेना के इतिहास से रूबरू होंगे पर्यटक
वाटिका में आने वाले पर्यटक भारतीय नौसेना के इतिहास, युद्ध अभियानों, समुद्री सुरक्षा और तकनीकी दक्षता के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में यह स्थल देश के प्रमुख सैन्य पर्यटन केंद्रों में अपनी पहचान बना सकता है।
Read More:
IPL 2026 : शुभमन गिल के शतक के आगे फीकी पड़ी सूर्यवंशी की पारी… RR को हराकर GT पहुंची फाइनल में

