उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और सर्विलांस टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय नकली सिक्का गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जुबली पार्क के पास से गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक जांच और आरोपियों से पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि यह गिरोह अब तक उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों और सहारनपुर समेत आसपास के कई जिलों के बाजारों में 70 करोड़ रुपये से अधिक के नकली सिक्के खपा चुका है।
सहारनपुर से 5 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में उपकरण जब्त
सहारनपुर पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस को काफी समय से इलाके में नकली सिक्के चलने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी कड़ी में पुलिस ने पहले दो युवकों को हिरासत में लिया, जिनकी निशानदेही पर रविवार को पांच मुख्य आरोपियों उपकार लूथरा (मोहाली), हिमांशु (बरसी), कुलदीप (आवास विकास), संतोष चौरसिया (बिहार) और अनुराग पाल (संत रविदास नगर) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 20 रुपये के 6,400 नकली सिक्के (कुल 1.28 लाख रुपये), 5 लाख के अधबने सिक्के, 500 रुपये के 20 नोट, 6 ढलाई मशीनें, 64 डाई (39 बिना मुहर की), पॉलिश मशीन, 2 कारें, 8 मोबाइल, 7 हिसाब रजिस्टर और चेकबुक बरामद की है।
हरियाणा के सोनीपत में लगाई गई थी नकली सिक्के बनाने की मिंट
पुलिस की गहन पड़ताल में सामने आया है कि इस गिरोह ने हरियाणा के सोनीपत में एक बड़ा प्लांट स्थापित कर रखा था। इसी अवैध मिंट (टंकशाला) में आधुनिक मशीनों, लोहे की डाई और घिसाई पत्थरों की मदद से 20-20 रुपये के सिक्कों को बिल्कुल असली जैसी फिनिशिंग दी जाती थी। सोनीपत की इसी फैक्ट्री से तैयार करके नकली सिक्कों की खेप को दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में सप्लाई किया जाता था।
शराब के ठेकों, टोल प्लाजा और स्थानीय बाजारों में खपाते थे सिक्के
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे इन जाली सिक्कों का इस्तेमाल मुख्य रूप से हाईवे के टोल प्लाजा, सरकारी शराब के ठेकों और भीड़भाड़ वाले स्थानीय बाजारों में करते थे। इन स्थानों पर लेनदेन काफी तेजी से होता है और कोई भी सिक्कों की शुद्धता की जांच नहीं करता, जिससे आरोपी आसानी से सिक्के बदल लेते थे। सहारनपुर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मददगारों और अवैध वित्तीय लेन-देन के खातों की जांच में जुटी है।
READ MORE: दिल्ली के गांधी नगर में अचानक झुकी 4 मंजिला इमारत, लोगों में मचा हड़कंप, MCD और पुलिस ने संभाला मोर्चा