CNG Price Hike: दिल्ली-NCR में रहने वाले वाहन चालकों को एक बार फिर महंगाई का सामना करना पड़ेगा। राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। गैस कंपनियों ने इस बार सीएनजी के दाम में 1 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। इससे पहले भी हाल ही में 2 रुपए प्रति किलो का इजाफा किया गया था। ऐसे में केवल तीन दिनों के भीतर सीएनजी कुल 3 रुपए तक महंगी हो चुकी है।
दिल्ली में 80 रुपए के पार पहुंची कीमत
नई दरों के बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत 80.09 रुपए प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी अब 88.70 रुपए प्रति किलो के भाव पर मिलेगी। इसके अलावा गुरुग्राम में सीएनजी की नई कीमत 85.12 रुपए प्रति किलो तय की गई है। मुंबई में भी सीएनजी की कीमत 84 रुपए प्रति किलो पहुंच चुकी है।
कई शहरों में बदले गए नए रेट
गैस कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली में सीएनजी 88.58 रुपए प्रति किलो बिकेगी। हापुड़ में इसकी कीमत 89.70 रुपए प्रति किलो कर दी गई है। वहीं कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में सीएनजी सबसे महंगी होकर 91.42 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।
राजस्थान के अजमेर, पाली और राजसमंद में नई कीमत 89.44 रुपए प्रति किलो तय की गई है। इसके अलावा महोबा, बांदा और चित्रकूट में सीएनजी 86.42 रुपए प्रति किलो मिलेगी।
PNG और घरेलू गैस सिलेंडर में राहत
हालांकि इस बढ़ोतरी के बीच आम लोगों के लिए थोड़ी राहत की बात यह है कि पाइप से मिलने वाली रसोई गैस यानी पीएनजी और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी घरेलू उपभोक्ताओं पर अभी अतिरिक्त बोझ नहीं डाला गया है।
क्यों बढ़ रहे हैं CNG के दाम?
सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति को बड़ी वजह माना जा रहा है। भारत अपनी जरूरत का 50 फीसदी से ज्यादा प्राकृतिक गैस आयात करता है। होर्मुज संकट के बाद गैस सप्लाई प्रभावित हुई है और वैश्विक बाजार में मांग बढ़ने से गैस खरीदना महंगा हो गया है। गैस कंपनियों का कहना है कि आयात लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यदि कीमतें नहीं बढ़ाई जातीं तो कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी कारण अब बढ़ी हुई लागत का असर ग्राहकों पर डाला जा रहा है।
दिल्ली-NCR में IGL करती है सप्लाई
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड यानी आईजीएल सीएनजी और पीएनजी की सप्लाई करती है। वहीं महाराष्ट्र में महानगर गैस लिमिटेड यानी एमजीएल गैस वितरण का काम संभालती है। लगातार बढ़ती कीमतों से रोजाना सीएनजी इस्तेमाल करने वाले ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों की जेब पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
Read More:
एलन-रघुवंशी की तूफानी पारी ने किया गुजरात का हाल बेहाल, KKR ने GT को 29 रन से हराया, कोलकाता के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा