HomeBreaking News'पाताल में भी छुप जाओगे तो ढूंढ निकालेंगे...', गोरखपुर में अपराधियों पर...

‘पाताल में भी छुप जाओगे तो ढूंढ निकालेंगे…’, गोरखपुर में अपराधियों पर गरजे CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) बुधवार को गोरखपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विकास और कृषि से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने गीडा क्षेत्र में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए बनाए गए आवासों का लोकार्पण किया। साथ ही संयुक्त मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2026 का शुभारंभ भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास और किसानों के कल्याण को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास की मजबूत नींव सुरक्षा और सुशासन पर आधारित है।

अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद सबसे पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान दिया गया। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई, जिसका परिणाम आज प्रदेश के विकास और निवेश के रूप में दिखाई दे रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी राज्य में उद्योग, व्यापार और रोजगार तभी फल-फूल सकते हैं जब वहां सुरक्षा का माहौल हो। सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है ताकि लोग भयमुक्त होकर अपने कार्य कर सकें।

अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री का रुख अपराधियों के प्रति बेहद सख्त दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि कोई व्यक्ति कमजोर वर्ग के अधिकारों का हनन करने, व्यापारियों को डराने-धमकाने या महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

CM योगी ने कहा कि कानून से बचने की कोई जगह नहीं है। अपराधी चाहे कहीं भी छिप जाएं प्रशासन उन्हें खोजकर कानून के दायरे में लाएगा। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में अपराध के लिए किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

गीडा बना रोजगार का बड़ा केंद्र

योगी आदित्यनाथ ने गीडा क्षेत्र की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यहां स्थापित उद्योगों के कारण लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिले हैं। आज पूर्वांचल ही नहीं बल्कि बिहार, नेपाल और देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवा यहां काम कर रहे हैं।

CM योगी ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश-अनुकूल माहौल की वजह से उद्योग लगातार प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इसका सीधा लाभ युवाओं को रोजगार के रूप में मिल रहा है।

किसानों के हित में उठाए कदम

खरीफ उत्पादकता गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में किसानों के कर्जमाफी का निर्णय लिया गया था जिससे लाखों किसानों को राहत मिली।

उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकारी खरीद केंद्रों का विस्तार किया गया। इसके माध्यम से किसानों को उनकी फसलों का बेहतर दाम मिला और बिचौलियों पर निर्भरता कम हुई।

यह भी पढ़ें : भारत के अंदर 4 KM तक आ रहे हैं पाकिस्तानी मोबाइल सिग्नल…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments