CM Yogi Adityanath Janata Darshan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह अपने आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके प्रार्थना पत्र लिए और समस्याओं की जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का उचित और समय से समाधान करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण की शिकायत पर हुए सख्त
जनता दर्शन के दौरान अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अतिक्रमण की शिकायत कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
मथुरा के वृद्ध को दिया भरोसा
कार्यक्रम में मथुरा से आए एक वृद्ध व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को बताया कि चकरोड पर अतिक्रमण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और अन्य जिम्मेदार संस्थाएं अतिक्रमण संबंधी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सार्वजनिक भूमि और रास्तों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले भी पहुंचे
जनता दर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, बिजली के तार, पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित कई प्रार्थना पत्र भी आए। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिया कि सरकार जनता की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।
सरकार हर मुश्किल में जनता के साथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार 25 करोड़ प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और किसी को भी परेशान होने की जरुरत नहीं है।
गर्मी से बचाव की भी दी सलाह
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों का हालचाल जानने के बाद मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह भी दी। उन्होंने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से कहा कि बहुत जरूरत होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें। साथ ही संयमित खानपान और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
Read More:

