CM Yogi Adityanath Ayodhya Visit: राम मंदिर में दान और चढ़ावे के गबन को लेकर जारी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज, शुक्रवार को अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी का कई धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री अयोध्या राम मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। हालांकि, यह पहली बार होगा जब श्री राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय अयोध्या में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
क्यों बनाई चंपत राय ने दूरी?
जिला प्रशासन की ओर से मंदिर ट्रस्ट को भेजे गए मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल में चंपत राय से अनुरोध किया गया है कि वे कार्यक्रम में स्वयं उपस्थित होने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति को नामित करें। अयोध्या में आने वाले वीआईपी मेहमानों की अगवानी आमतौर पर चंपत राय स्वयं करते रहे हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। चढ़ावे में गड़बड़ी को लेकर उठे सवालों के बीच इसे सरकार की दूरी के तौर पर देखा जा रहा है।
SIT जांच पर टिकी सबकी नजरें
मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे को लेकर ऐसा कहा जा रहा है कि वह राम मंदिर चढ़ावा मामले में चल रही एसआईटी जांच कितनी तेज चल रही है इसकी जानकारी ले सकते हैं। दान राशि के गबन और वित्तीय कुप्रबंधन के आरोपों के बाद गठित विशेष जांच दल लगातार मामले की जांच कर रहा है।
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर साढ़े तीन बजे श्री ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होंगे। जैन धर्म में इस महोत्सव का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसके अलावा वह राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े प्रमुख संत महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मदिन समारोह में भी हिस्सा लेंगे।
रामायण वैक्स संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री शाम को अयोध्या में कांशीराम कॉलोनी के पास तैयार किए गए रामायण वैक्स संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने इस संग्रहालय को अयोध्या के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास की दिशा में अहम फैसला माना जा रहा है। संग्रहालय में रामायण की प्रमुख घटनाओं को दर्शाने वाली मोम की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनमें भगवान श्रीराम, माता सीता, श्री लक्ष्मण और भगवान हनुमान की मूर्तियां प्रमुख हैं।
नगर विकास परियोजनाओं को भी मिलेगी रफ्तार
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अयोध्या नगर निगम की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। साथ ही वह राम मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेंगे।
चौथे दिन भी जारी रही SIT की जांच
राम मंदिर चढ़ावे के गबन की जांच कर रही तीन सदस्यीय एसआईटी गुरुवार को लगातार चौथे दिन राम मंदिर परिसर पहुंची। जांच दल ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा से दान राशि की गिनती की प्रक्रिया और उससे जुड़े कर्मचारियों की नियुक्तियों के संबंध में पूछताछ की।
100 से अधिक कर्मचारियों से हो चुकी पूछताछ
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एसआईटी पिछले तीन दिनों में 100 से अधिक कर्मचारियों से पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसियां पिछले 11 महीनों के दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच कर रही हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी अयोध्या पहुंचे थे और मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग की थी।
13 जून को गठित हुई थी SIT
उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को विशेष जांच दल का गठन किया था। एसआईटी में लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन को शामिल किया गया है। यह जांच उस मामले से जुड़ी है जो 7 जून को सार्वजनिक रूप से सामने आया था और जिसके बाद चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर कई सवाल उठे थे।
Read More:

