चार धाम यात्रा(Char Dham Yatra) शुरू होने के साथ ही ऑनलाइन बुकिंग से जुड़ी साइबर ठगी के मामले भी तेजी से सामने आने लगे हैं। होटल, हेलीकॉप्टर सेवा, ट्रैवल पैकेज और वीआईपी दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं को निशाना बनाया जा रहा है। फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन और व्हाट्सएप संदेशों के जरिए लोगों को झांसे में लेकर उनसे पैसे ठगे जा रहे हैं।
पुलिस ने शुरु किया विशेष जागरूकता अभियान
इन बढ़ते मामलों को देखते हुए नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों को सतर्क करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस का कहना है कि यात्रा से जुड़ी किसी भी प्रकार की बुकिंग केवल अधिकृत सरकारी पोर्टल या भरोसेमंद वेबसाइट से ही करनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, साइबर अपराधी सरकारी पोर्टल जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट तैयार कर रहे हैं जिससे लोग आसानी से भ्रमित हो जाते हैं।
सोशल मीडिया और गूगल पर विज्ञापन देकर ये ठग खुद को ट्रैवल एजेंट या अधिकृत बुकिंग एजेंसी बताकर श्रद्धालुओं से संपर्क करते हैं। लोगों को कम कीमत में पैकेज, तुरंत कन्फर्म हेलीकॉप्टर टिकट और VIP दर्शन का लालच दिया जाता है। कई मामलों में 20 से 30 प्रतिशत तक डिस्काउंट का दावा कर जल्द भुगतान करने का दबाव बनाया जाता है। इसके लिए फर्जी यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड भी भेजे जाते हैं।
भुगतान से पहले वेबसाइट की करें जांच
जैसे ही लोग भुगतान करते हैं, ठग अपना मोबाइल बंद कर गायब हो जाते हैं। साइबर सेल अधिकारियों का कहना है कि चार धाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा की मांग अधिक रहती है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। एडवांस बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से हजारों रुपये ठगे जा रहे हैं।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया विज्ञापन या संदिग्ध वेबसाइट पर भरोसा न करें और भुगतान करने से पहले वेबसाइट की प्रमाणिकता जरूर जांच लें।