Bharuch Factory Blast: गुजरात के भरूच जिले के सायखा GIDC में एक औद्योगिक इकाई में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
15 किलोमीटर तक सुनाई दी आवाज
विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 15 किलोमीटर के दायरे में सुनाई दी। धमाके के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के इलाके में केमिकलयुक्त धुआं फैलने से लोगों में भी चिंता पैदा हो गई।
हाइड्रोजिनेशन प्रक्रिया के दौरान हुआ धमाका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सायखा की सिनजील फार्माकेम में उत्पादन प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि हाइड्रोजिनेशन प्रक्रिया के समय 15 KL क्षमता का रिएक्टर फट गया। शुरुआती रिपोर्टों में घटना को बॉयलर विस्फोट भी बताया गया है।
दमकल टीमों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सायखा में दूसरी ऐसी घटना
बताया जा रहा है कि सायखा GIDC में बॉयलर ब्लास्ट की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों से औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मौजूदा हादसे के सटीक कारण और किसी संभावित सुरक्षा चूक की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Read More:
Starlink Dispute: एलन मस्क ने रिलायंस के बयान की तारीफ कर दिए सुलह के संकेत, बोले- बहुत सराहनीय

