बिहार के बेगूसराय(Begusarai) में होटल के कमरे में एक महिला के साथ कथित मारपीट और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, उसे समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर क्षेत्र से मंगलवार देर शाम पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस वाहन से ले जाते समय रोहित ने कथित तौर पर छलांग लगाने की कोशिश की जिससे उसके पैर में चोट आई।
उसे पहले बछवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। SP मनीष के मुताबिक, रोहित को गोली नहीं लगी है। पुलिस के मुताबिक, वह वाहन से कूदने के दौरान गिरने से घायल हुआ।
होटल में हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, मामला 27 सितंबर का है। बेगूसराय के अलका सिनेमा के पास स्थित ब्लू डायमंड होटल के कमरे में महिला के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया था। शिकायत के बाद नगर थाने में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में बिक्रम सहनी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था जबकि रोहित की तलाश चल रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने होटल का सीसीटीवी फुटेज और प्रवेश रजिस्टर अपने कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में रोहित सुबह होटल के कमरे में जाता दिखाई देता है। कुछ देर बाद महिला भी वहां पहुंचती है और दोनों कमरे में जाते हैं। दोपहर में दोनों को साथ बाहर निकलते हुए भी देखा गया।
वायरल वीडियो से सामने आया मामला
मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें आरोपी को महिला के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो महिला के मोबाइल से वायरल किया गया था। पुलिस ने संबंधित WhatsApp नंबर को ब्लॉक कराया है और महिला का बयान भी अदालत में दर्ज कराया गया है।
जांच में कई सवाल
पुलिस अब घटना के पीछे की पूरी वजह पता लगाने में जुटी है। दोनों के बीच पहले से किसी तरह की जान-पहचान या संबंध थे या नहीं और विवाद किस वजह से हुआ, इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी तस्वीर जांच आगे बढ़ने के बाद स्पष्ट होगी।