बद्रीनाथ मंदिर(Badrinath Dham) में दान और चढ़ावे से जुड़ी गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर बद्रीनाथ थाने में प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रमोद नौटियाल बीकेटीसी अध्यक्ष कार्यालय में व्यक्तिगत सहायक के पद पर तैनात थे।
मामले में आरोप सामने आने के बाद उन्हें पहले निलंबित किया गया था। इसके बाद मंदिर समिति के मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की शिकायत के आधार पर 8 जुलाई 2026 को FIR दर्ज की गई। बीकेटीसी की ओर से दी गई शिकायत में मंदिर की दान राशि से जुड़ी कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। हालांकि, मामले की पूरी स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
तीन सदस्ययी जांच समिति का गठन
राज्य सरकार ने इस प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति को पूरे मामले की जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आए गंभीर सवाल
मंदिर समिति के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए 2 जुलाई 2026 को चढ़ावे में गड़बड़ी पाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद आंतरिक जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में कुछ ऐसी परिस्थितियों का उल्लेख किया गया जिनके आधार पर संबंधित कर्मचारी की भूमिका की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और शासन स्तर पर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।