Ayodhya Shri Ram Mandir: अयोध्या के श्री राम मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्री राम दरबार दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब श्री राम दरबार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को अलग से विशेष पास बनवाने की जरूरत नहीं होगी। नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु पहले सामान्य दर्शन कतार से रामलला के दर्शन करेंगे और इसके बाद सीधे मंदिर की प्रथम मंजिल पर स्थित श्री राम दरबार के दर्शन भी कर सकेंगे। इसके लिए किसी अतिरिक्त अनुमति या विशेष पास की जरुरत नहीं होगी।
खत्म हुई विशेष पास व्यवस्था
अब तक श्री राम दरबार के दर्शन केवल सीमित संख्या में जारी किए जाने वाले विशेष पास के माध्यम से कराए जाते थे। पास उपलब्ध नहीं होने के कारण कई श्रद्धालु श्री राम दरबार के दर्शन से वंचित रह जाते थे। ट्रस्ट ने अब इस विशेष पास प्रणाली को पूरी तरह समाप्त कर दिया है, जिससे सभी श्रद्धालुओं को समान रूप से दर्शन का अवसर मिल सकेगा।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
नई व्यवस्था लागू होने के बाद श्रद्धालुओं को अलग से आवेदन करने या किसी विशेष अनुमति की जरुरत नहीं होगी। इससे दर्शन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और व्यवस्थित होगी। साथ ही श्रद्धालुओं का समय भी बचेगा और उन्हें अतिरिक्त औपचारिकताओं से नहीं गुजरना पड़ेगा।
त्योहारों में भी मिलेगी सुविधा
मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ त्योहारों, विशेष अवसरों और छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा। सामान्य दर्शन कतार से ही रामलला और राम दरबार दोनों के दर्शन की सुविधा मिलने से भीड़ प्रबंधन भी अधिक सुगम हो सकेगा।
दर्शन प्रक्रिया को बनाया गया सरल
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था को अधिक सरल, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। नई व्यवस्था के लागू होने के बाद भक्त बिना किसी अतिरिक्त औपचारिकता के रामलला के साथ प्रथम मंजिल पर स्थित राम दरबार के भी दर्शन कर सकेंगे। इससे अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सहज और बेहतर दर्शन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Read More:

