बलूचिस्तान में सक्रिय अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF)(Baloch insurgents) ने अपनी नई महिला लड़ाकू इकाई ‘करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन’ (KAAD) के एक कथित अभियान का वीडियो जारी किया है। वीडियो में महिला लड़ाके पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर हमला करती दिखाई दे रही हैं। यह कार्रवाई 22 सितंबर को तुरबत इलाके में CPEC से जुड़े हाईवे पर होने का दावा किया गया है।
वीडियो में एक महिला कमांडर को अभियान से पहले अपने दस्ते को निर्देश देते देखा जा सकता है। इसके बाद हथियारबंद लड़ाके पाकिस्तानी सेना के क्विक रिएक्शन फोर्स के काफिले पर गोलीबारी करते नजर आते हैं। काफिले में तीन वाहन और एक बख्तरबंद वाहन शामिल होने की बात कही गई है।
9 सैनिकों की मौत का दावा
BLF के प्रवक्ता मेजर ग्वहराम बलूच ने दावा किया है कि हमले में पाकिस्तानी सेना के नौ जवान मारे गए और कुछ सैन्य वाहन क्षतिग्रस्त हुए। संगठन के मुताबिक, हमले के दौरान उसके एक सहयोगी लड़ाके चाकर मुराद की भी मौत हुई। हालांकि, सैनिकों की मौत से जुड़े इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
डेरा बुगती में भी हमला
इसी दौरान बलूचिस्तान के डेरा बुगती इलाके में बलूच रिपब्लिकन आर्मी (BRA) ने मारी एनर्जीज लिमिटेड की एक साइट पर रॉकेट और भारी हथियारों से हमला करने का दावा किया। BRA के मुताबिक, इसके बाद पाकिस्तानी सेना और स्थानीय सशस्त्र समूह के सदस्यों के साथ कई घंटे तक मुठभेड़ हुई। संगठन ने इसमें भी कई लोगों के मारे जाने का दावा किया है लेकिन इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
करीमा बलूच के नाम पर है KAAD
KAAD का नाम बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की समर्थक कार्यकर्ता करीमा बलूच के नाम पर रखा गया है। वह बलूच स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन-आजाद की पहली महिला अध्यक्ष थीं। 2020 में कनाडा के टोरंटो में उनकी मौत हुई थी। उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर उस समय जांच और कई सवाल सामने आए थे।