Army Chief Dheeraj Seth on Nepal Visit: भारतीय थल सेना प्रमुख (COAS) जनरल धीरज सेठ आज 17 अगस्त से 19 अगस्त तक नेपाल के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ाना और दोनों सेनाओं के पुराने एवं मजबूत संबंधों को नई ऊंचाई देना है।
पहले दिन शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि
दौरे के पहले दिन जनरल धीरज सेठ काठमांडू के टुंडिखेल स्थित आर्मी पैवेलियन में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद नेपाली सेना मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। वह नेपाली सेना के प्रमुख से मुलाकात करेंगे और सैन्य अभियानों से जुड़े मुद्दों की जानकारी हासिल करेंगे।
नेपाली सेना के मानद जनरल बनेंगे
नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल एक विशेष समारोह में जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि प्रदान करेंगे। भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच यह एक पुरानी और विशेष परंपरा है, जो दोनों देशों के सैन्य रिश्तों की गहराई को दर्शाती है।
आर्मी कमांड एंड स्टाफ कोर्स के छात्रों से संवाद
18 अगस्त को सेना प्रमुख शिवपुरी में आर्मी कमांड एंड स्टाफ कोर्स के छात्र अधिकारियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह प्रशिक्षकों और विदेशी छात्र अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे। इसके अलावा नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
पोखरा में पूर्व सैनिक रैली में होंगे शामिल
19 अगस्त को जनरल धीरज सेठ पोखरा में आयोजित पूर्व सैनिक रैली में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह वीर नारियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगे। साथ ही भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह भारत लौटेंगे।
रोटी-बेटी के रिश्ते को मिलेगी मजबूती
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध बेहद मजबूत हैं। दोनों देशों के रिश्तों को अक्सर रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है। ऐसे में सेना प्रमुख का यह दौरा दोनों देशों के गहरे सैन्य और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के साथ रक्षा सहयोग के नए रास्ते तलाशने का अवसर देगा।
Read More:

