HomeBreaking Newsमदर डेयरी के बाद अमूल ने भी दिया महंगाई का झटका, आज...

मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी दिया महंगाई का झटका, आज से महंगा मिलेगा दूध, जानें कितने बढ़े दाम

Amul Milk Price Hike: देशभर में दूध उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी अपने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने अमूल के ताजा पैक दूध की कीमतों में करीब 4 से 5.5 प्रतिशत तक इजाफा करने का फैसला किया है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से देशभर के प्रमुख बाजारों में लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद अमूल ताजा टोंड मिल्क 2 रुपये और अमूल गोल्ड 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।

अमूल ताजा और गोल्ड के बढ़े दाम

अमूल के सबसे ज्यादा बिकने वाले दूध के वेरिएंट अमूल ताजा टोंड मिल्क की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। यह करीब 3.3 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं, अमूल गोल्ड के दाम 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं, जो लगभग 5.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। कंपनी के इस फैसले का सीधा असर रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों की जेब पर पड़ेगा।

उत्पादन और पैकेजिंग की लागत बढ़ने से महंगा हुआ दूध

GCMMF के मुताबिक, दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में लगातार हो रही वृद्धि प्रमुख वजह है। पिछले एक साल में हरे और सूखे चारे के साथ पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले तेल खली, मक्का और शीरे जैसे कच्चे माल की कीमतें काफी बढ़ी हैं। इसके अलावा दूध की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली फिल्म और ईंधन की लागत में भी इजाफा हुआ है।

कम बारिश से पशुपालकों की बढ़ी मुश्किलें

कंपनी ने बताया कि गुजरात सहित देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश होने के कारण पशुपालकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात में दूध उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य देना जरूरी हो गया है। इसी वजह से दूध की खुदरा कीमतों में संशोधन किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। उसकी नई दरें भी 12 नवंबर से लागू हुई हैं।

किसानों को मिलेगा कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा

अमूल का कहना है कि पिछले एक साल के दौरान सदस्य दुग्ध संघों ने किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में 4 से 5 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। अब किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए खुदरा कीमतों में बदलाव किया गया है।

GCMMF के अनुसार, अमूल के सहकारी ढांचे के तहत उपभोक्ताओं से मिलने वाले कुल राजस्व का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा देश के 36 लाख दुग्ध उत्पादकों को वापस किया जाता है। दूध की बिक्री कीमत में हुई बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा भी किसानों तक पहुंचेगा। कंपनी का मानना है कि इससे दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक मदद मिलेगी और उन्हें दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

Read More:

देव दीपावली पर 11 लाख दीयों से रोशन होंगे काशी के घाट, योगी सरकार ने तैयार किया भव्य आयोजन का प्लान

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments