Amritsar Generator Accident: अमृतसर के महान सिंह गेट इलाके में सोमवार शाम जनरेटर के धुएं से दम घुटने के कारण 55 वर्षीय जोगिंदर सिंह की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना एक मशहूर लॉटरी की दुकान की तीसरी मंजिल पर हुई।
बंद कमरे में रखा था जनरेटर
जानकारी के मुताबिक, महान सिंह गेट इलाके में गांधी ब्रदर लुधियाना घंटा घर वाले की लॉटरी की दुकान है। दुकान की तीसरी मंजिल पर बने एक बंद कमरे में जनरेटर रखा हुआ था। सोमवार शाम बिजली गुल होने के बाद इसी कमरे में जनरेटर चलाया गया।
खाना खाते समय जमा हुआ धुआं
जिस समय जनरेटर चलाया गया, उस वक्त दुकान में पांच लोग खाना खा रहे थे। बंद कमरे में जनरेटर से निकलने वाला धुआं धीरे-धीरे जमा होने लगा। कुछ देर बाद वहां मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
पांचों हुए बेहोश
हालात बिगड़ने पर पांचों लोग बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में खासा, अमृतसर निवासी जोगिंदर सिंह (55) को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं हीरा लाल, सुखदेव, आशीष दीप और जगजीत का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बी डिवीजन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने हादसे के कारणों और वहां मौजूद परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
परिवार ने कार्रवाई से किया इनकार
हादसा सोमवार शाम करीब 7 बजे हुआ। मृतक जोगिंदर सिंह के परिवार में एक बेटा और बहू हैं। परिवार ने मामले में किसी तरह की कार्रवाई करवाने से इनकार किया है। इसी वजह से परिवार सोमवार रात ही शव को अपने साथ ले गया। मिली जानकारी के अनुसार, परिवार और संबंधित पक्षों के बीच राजीनामा हो गया है।
जनरेटर की भी जांच
एएसआई शरणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह घटना किन हालात में हुई।जनरेटर और मौके पर मौजूद दूसरी चीजों की भी जांच की जा रही है।
Read More:
बठिंडा में पंजाब की सबसे बड़ी यूथ रन’, 20,000 युवाओं और खिलाड़ियों ने नशे के खिलाफ दिया कड़ा संदेश
