Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह एक्टिव है और लगातार बारिश जारी है। IMD ने 29 जुलाई के लिए कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि उत्तराखंड, हिमाचल समेत पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। दक्षिण भारत में भी तमिलनाडु के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।
दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट
दिल्ली और आसपास के NCR क्षेत्र में 29 जुलाई को मौसम करवट ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर थंडरस्टॉर्म, बिजली चमकने और बारिश बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 30 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि 31 जुलाई को भी मौसम सुहावना बना रहेगा और तापमान 33 तथा 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए IMD ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं और स्थानीय लोगों के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और अन्य मौसम संबंधी हादसों का खतरा काफी बढ़ सकता है।
तमिलनाडु में बढ़ेगी बारिश
IMD के अनुसार तमिलनाडु के कई हिस्सों में 29 और 30 जुलाई को पश्चिमी घाट के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है। 30 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 30 जुलाई को नीलगिरि जिले के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है, जबकि पश्चिमी घाट के अन्य जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं तमिलनाडु और पुडुचेरी के अन्य हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
31 जुलाई और 1 अगस्त का हाल
IMD के मुताबिक 31 जुलाई को कोयंबटूर, नीलगिरि और थेनी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी घाट के अन्य जिलों में मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि तमिलनाडु और पुडुचेरी के बाकी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 1 अगस्त को भी बारिश जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान कोयंबटूर, नीलगिरि और थेनी में फिर से कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा आंतरिक तमिलनाडु, उत्तर तटीय जिलों, पुडुचेरी और कराईकल में मध्यम बारिश तथा राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।
इन राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। पूरे सप्ताह हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं पूर्वी भारत में भी मानसून तेज रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड और बिहार में भी भारी बारिश हो सकती है। इनमें ओडिशा में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है। IMD ने लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने, तेज बारिश के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचने और बाढ़, जलभराव तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
Read More:

