NSA Doval Meets Canadian Official: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर में होने वाले कनाडा दौरे से पहले भारत और कनाडा के बीच उच्चस्तरीय बातचीत तेज हो गई है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने मंगलवार को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के वरिष्ठ सलाहकार डेविड मॉरिसन से दिल्ली में मुलाकात की। दोनों के बीच सुरक्षा और कानून प्रवर्तन के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई।
खालिस्तान समर्थक गतिविधियों पर भारत की चिंता
सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान भारतीय पक्ष ने कनाडाई धरती से खालिस्तान समर्थक तत्वों की गतिविधियों को लेकर अपनी चिंताएं भी सामने रखीं। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के साथ ऐसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जो लंबे समय से भारत-कनाडा संबंधों के लिए चुनौती बने हुए हैं।
NSA स्तर की नियमित बातचीत का हिस्सा
मॉरिसन फिलहाल भारत की यात्रा पर हैं। उनकी यह यात्रा दोनों देशों के बीच प्रस्तावित इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट के लिए बातचीत के पांचवें दौर के बीच हो रही है। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद भी इस महीने के आखिर में भारत आएंगी।
एक सूत्र ने बताया, ‘यह बैठक NSA लेवल पर होने वाली रेगुलर बातचीत का हिस्सा थी। दोनों पक्षों ने आपसी सुरक्षा और कानून लागू करने में सहयोग की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की। वे व्यावहारिक सहयोग के लिए और क्षेत्रों की पहचान करने पर भी सहमत हुए।’
ड्रग्स तस्करी और अपराध पर सहयोग
फरवरी में हुई पिछली बातचीत में भारत और कनाडा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर एक रोडमैप पर सहमत हुए थे। दोनों देशों ने ड्रग्स की तस्करी और अंतरराष्ट्रीय संगठित आपराधिक नेटवर्क जैसे साझा चिंता वाले मुद्दों पर समय पर जानकारी साझा करने के लिए सुरक्षा और कानून लागू करने वाली एजेंसियों के संपर्क अधिकारी नियुक्त करने पर भी सहमति जताई थी।
दिसंबर में कनाडा जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा के ओटावा दौरे पर जाने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। ऐसे में पीएम मोदी की यात्रा से पहले डोभाल और मॉरिसन की बातचीत को दोनों देशों के बीच संबंधों में आगे बढ़ते सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
2023 में बेहद खराब हुए थे रिश्ते
भारत-कनाडा संबंधों में 2023 में उस समय बड़ा तनाव पैदा हो गया था, जब तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में संभावित भारतीय संबंध होने का आरोप लगाया था। भारत ने इन आरोपों को ‘बेतुका’ बताते हुए खारिज कर दिया था।
राजनयिक विवाद से बढ़ा था तनाव
अक्टूबर 2024 में कनाडा की ओर से निज्जर मामले में भारतीय राजनयिकों को जोड़ने की कोशिश के बाद भारत ने अपने उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा और पांच अन्य राजनयिकों को वापस बुला लिया था। इससे दोनों देशों के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ गया था।
कार्नी की भारत यात्रा के बाद सुधरे संबंध
मार्च में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्तों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। अब उच्चस्तरीय सुरक्षा वार्ता, व्यापार समझौते पर बातचीत और आगामी प्रधानमंत्री मोदी की कनाडा यात्रा के बीच दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
Read More:
टेनिस कोर्ट से लौटते वक्त Purvanchal Expressway पर दर्दनाक हादसा, 3 खिलाड़ियों की मौत

