उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार 7 अक्टूबर की सुबह पुरवांचल एक्सप्रेसवे(Purvanchal Expressway) पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से देवरिया जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार पीछे से एक ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
इस हादसे में तीन प्रोफेशनल टेनिस खिलाड़ियों की जान चली गई जबकि तीन अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के समय कार में कुल छह खिलाड़ी मौजूद थे।
लखनऊ में प्रतियोगिता के बाद लौट रहे थे खिलाड़ी
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 5 बजे एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। सभी खिलाड़ी लखनऊ में आयोजित एक टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद अपने घर देवरिया लौट रहे थे। घायल खिलाड़ी जयंत शर्मा ने पुलिस को बताया कि कार में सवार सभी लोग पेशेवर टेनिस खिलाड़ी थे।
प्रतियोगिता खत्म होने के बाद वे रात में देवरिया के लिए रवाना हुए थे। सफर के दौरान सभी खिलाड़ी सो रहे थे इसलिए उन्हें यह पता नहीं चल पाया कि कार ट्रक से किस तरह टकराई। पुलिस फिलहाल हादसे की वजह और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। ट्रक की पहचान करने के साथ दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है।
राहत-बचाव के बाद निकाले गए यात्री
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और UPEIDA की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मेहनत करनी पड़ी। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन खिलाड़ियों की मौत
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 22 वर्षीय नित्या प्रजापति, 20 वर्षीय इरफान अंसारी और 24 वर्षीय अनिकेत के रूप में हुई है। तीनों देवरिया के रहने वाले थे।
वहीं घायलों में देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी 23 वर्षीय आनंद यादव, तैययर बुजुर्ग निवासी 22 वर्षीय राजू और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी 30 वर्षीय जयंत शर्मा शामिल हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।