प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने के मौके पर 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर देश बनाने का संकल्प दोहराया। विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में देश को बड़े लक्ष्यों की ओर ले जाना है। इस दौरान पीएम मोदी ने मंच से कहा, “हम करके रहेंगे… We Will Do It” और मौजूद लोगों ने भी उनके साथ यह नारा दोहराया।
7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ सफर
पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब उन्होंने यह नहीं सोचा था कि एक दिन सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 25 साल पूरे करने का अवसर भी आएगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देश की जनता के विश्वास और लगातार मिले आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों के दौरान अलग-अलग राज्यों और लोकसभा चुनावों में जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया। प्रधानमंत्री ने इसके लिए देशवासियों के साथ भाजपा, NDA, मंत्रिपरिषद के सदस्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाले राजनीतिक सहयोगियों का आभार जताया।
जीत-हार और आलोचना से मिली सीख
अपने 25 साल के अनुभवों को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके जीवन में कोई भी घटना बेकार नहीं गई। उनके मुताबिक जीत ने उन्हें विनम्र रहना सिखाया, जबकि हार या मुश्किलों ने दोबारा खड़े होने की प्रेरणा दी। पीएम मोदी ने कहा कि शुभचिंतकों के प्रोत्साहन ने आगे बढ़ने का हौसला दिया और आलोचकों की बातों ने उन्हें आत्ममंथन का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि हर संकट ने धैर्य की परीक्षा ली और हर सफलता ने जिम्मेदारी बढ़ाई। उपलब्धियों से उन्हें बड़े लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने का साहस मिला।
मंदिर में देश के लिए मांगी शक्ति
प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने सुबह दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा की और देश तथा 140 करोड़ भारतीयों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने लिए भी यही कामना की कि उन्हें देश की सेवा के लिए और अधिक शक्ति व सामर्थ्य मिले, ताकि वह लगातार लोगों के लिए काम करते रहें। पीएम मोदी ने 25 साल पूरे होने के इस पड़ाव को संतोष और कृतज्ञता का अवसर बताया, लेकिन साथ ही आगे की प्राथमिकताएं भी सामने रखीं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत बनाना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना है। इसी संकल्प के साथ उन्होंने “We Will Do It” का संदेश दिया।
Read More
CEC ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित, फिलहाल नई तारीख का ऐलान नहीं

