अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने चीन के लिए गुप्त जासूसी करने के गंभीर आरोप में कैलिफोर्निया की एक 34 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान वानयिंग झांग के रूप में हुई है, जिसे ‘हेधर’ नाम से भी जाना जाता है। FBI ने झांग को लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उस समय हिरासत में लिया, जब वह चीन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने की तैयारी कर रही थी। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि उसने ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के परिवार की अवैध रूप से जासूसी और निगरानी की थी।
राष्ट्रपति के बेटे के घर की रिकॉर्डिंग और नंबर प्लेट शेयर की
FBI द्वारा दर्ज की गई क्रिमिनल कंप्लेंट के मुताबिक, झांग अमेरिका में चीन के एक गैर-रजिस्टर्ड एजेंट के रूप में काम कर रही थी। उसने पिछले साल ताइवान के राष्ट्रपति के बेटे और उनके परिवार पर लगातार नजर रखी। जांच में सामने आया कि चीनी अधिकारियों के सीधे निर्देशों पर झांग और उसके एक सहयोगी ने 1 सितंबर 2025 को सीएटल शहर की यात्रा की। दोनों ने राष्ट्रपति के बेटे के घर के बाहर अपनी गाड़ी खड़ी कर परिवार के फोटो और वीडियो बनाए। सीसीटीवी कैमरों में भी दोनों को गाड़ी से रिकॉर्डिंग करते देखा गया। झांग ने यह सभी तस्वीरें, वीडियो और गाड़ियों की नंबर प्लेट की डिटेल्स चीनी खुफिया अधिकारियों को भेजी थीं।
बीजिंग की इंटेलिजेंस यूनिवर्सिटी से जुड़ाव का खुलासा
जांच दस्तावेजों के अनुसार, अमेरिकी नागरिकता प्राप्त झांग कैलिफोर्निया के इरविन इलाके में रहती है। उसने बीजिंग स्थित ‘यूनिवर्सिटी ऑफ इंटरनेशनल रिलेशंस’ से पढ़ाई की थी, जिसका चीनी इंटेलिजेंस सेवाओं से सीधा संबंध माना जाता है। यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान एक सहपाठी के जरिए उसका संपर्क चीनी सरकार के अधिकारियों से हुआ था और वे 2025 में भी लगातार संपर्क में थे। FBI ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए भी ताइवानी राष्ट्रपति के बेटे को निशाना बनाए जाने की पुष्टि की है। गिरफ्तार महिला को सोमवार को लॉस एंजिल्स की फेडरल कोर्ट में पेश किया जाना था।
ताइवान ने जताया कड़ा विरोध, अमेरिका की कार्रवाई जारी
इस घटना पर ताइवान के राष्ट्रपति कार्यालय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चीनी हरकतों की कड़ी निंदा की है। ताइवान का कहना है कि यह कृत्य मानवाधिकारों और राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है, जिसका मकसद लोकतंत्र के समर्थकों और उनके परिवारों को डराना-धमकाना है। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी न्याय विभाग पहले भी अमेरिका में रह रहे चीनी लोकतंत्र समर्थकों पर नजर रखने और उन्हें प्रताड़ित करने वाले चीनी एजेंटों पर कड़ा शिकंजा कसता रहा है।
READ MORE: ‘मुझे मार दो…’ आखिर खुद की ही जान क्यों लेना चाहता था ओमानी को-पायलट? फ्लाईदुबई कांड में बड़ा खुलासा

