दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों को टिकटों की भारी किल्लत से राहत देने के लिए रेलवे ने एक खास योजना बनाई है। उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली और पटना के बीच ‘वंदे भारत स्पेशल’ ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। नियमित ट्रेनों में बुकिंग खुलने के तुरंत बाद सीटें फुल हो जाने और लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों के पास सीमित विकल्प बचे थे। यदि रेलवे बोर्ड से इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिल जाती है, तो पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों को सफर के लिए एक तेज और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।
21 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रस्तावित हैं फेरे
भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल का संचालन 21 अक्टूबर से 28 नवंबर के बीच किए जाने की योजना है। इसके तहत दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। पहली जोड़ी (02252/02251) नई दिल्ली से 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी, जबकि पटना से यह 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को कुल 16 फेरों में संचालित होगी। दूसरी जोड़ी (02253/02254) पटना से 24 अक्टूबर से 28 नवंबर तक शनिवार, सोमवार और बुधवार को तथा नई दिल्ली से 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक रविवार, मंगलवार और गुरुवार को रवाना होगी।
13 घंटे में तय करेगी 994 किलोमीटर की दूरी
यह ट्रेन लगभग 994 किलोमीटर का सफर करीब 13 घंटे में पूरा करेगी। प्रस्तावित समय-सारणी के मुताबिक, नई दिल्ली से यह ट्रेन सुबह 8:35 बजे प्रस्थान करेगी और रास्ते में अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकते हुए रात 9:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन पटना से सुबह 10:00 बजे रवाना होकर दोपहर 3:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी और रात 11:30 बजे नई दिल्ली स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
किराया और बुकिंग शुरू होने की प्रक्रिया
प्रस्तावित दरों के आधार पर, भोजन सहित एसी चेयर कार का संभावित किराया ₹2,575 से ₹2,600 और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया ₹4,650 से ₹4,680 के बीच हो सकता है। यदि यात्री कैटरिंग का विकल्प नहीं चुनते हैं, तो टिकट की कीमत कुछ कम हो जाएगी। फिलहाल इस ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग शुरू नहीं हुई है। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ के अनुसार, रेलवे बोर्ड की आधिकारिक स्वीकृति मिलते ही IRCTC के पोर्टल और काउंटरों पर अग्रिम आरक्षण खोल दिया जाएगा।
READ MORE: भारत-वेस्टइंडीज T20I पर मंडराया संकट, इकाना स्टेडियम के पास पहुंचा गोमती नदी का पानी

