अक्टूबर माह की शुरुआत होते ही देश भर में मौसम की रंगत बदलने लगी है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की देश से लगातार वापसी हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 5 अक्टूबर को मॉनसून की विदाई रेखा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से गुजरते हुए पश्चिमी तट की तरफ आगे बढ़ रही थी। इस बीच देश के अलग-अलग राज्यों में मंगलवार को बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की गतिविधियों में तेजी देखने को मिल सकती है।
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में तेज हवाएं और बारिश
दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से जारी शुष्क मौसम के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने मंगलवार को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में आंधी-पानी, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भी आंधी और गरज-चमक का असर रहेगा। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र में भी बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वेदर सिस्टम के सक्रिय होने से बदला मिजाज
देश में एक साथ कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से बारिश और आंधी की गतिविधियां जोर पकड़ रही हैं। वर्तमान में बिहार और उसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इसके साथ ही गंगीय पश्चिम बंगाल से लेकर मध्य महाराष्ट्र तक एक मौसमी ट्रफ रेखा फैली हुई है। इन सिस्टम्स के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में मौसम खराब रहेगा, जिससे आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ आंधी चलने के आसार हैं।
दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया है। मंगलवार को केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बनी रहेगी। खासकर केरल और माहे के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां सबसे अधिक दर्ज की जा सकती हैं। उत्तर भारत में जहां आंधी और बिजली गिरने का मुख्य खतरा बना हुआ है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश का जोर सबसे ज्यादा रहेगा।
READ MORE: फ्लाईदुबई प्लेन गिराने की साजिश नाकाम, ट्रंप बोले- हमले के पीछे ईरान…

