IndiGo Fuel Charge: हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए इंडिगो की फ्लाइट अब कुछ महंगी पड़ सकती है। एयरलाइन ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें 6 अक्टूबर 2026 की रात 12:01 बजे के बाद की जाने वाली नई बुकिंग पर लागू होंगी। यानी इस समय के बाद टिकट बुक करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा फ्यूल चार्ज देना होगा।
घरेलू उड़ानों पर दूरी के हिसाब से चार्ज
घरेलू उड़ानों के लिए फ्यूल चार्ज यात्रा की दूरी के आधार पर तय किया गया है। नई दरों में ₹100 से ₹350 तक की बढ़ोतरी हुई है। 0 से 500 किलोमीटर की उड़ान पर ₹375, 501 से 1,000 किलोमीटर पर ₹600, 1,001 से 1,500 किलोमीटर पर ₹900, 1,501 से 2,000 किलोमीटर पर ₹1,150 और 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा पर ₹1,300 फ्यूल चार्ज देना होगा।
1,001-1,500 किमी पर ₹300 ज्यादा
1,001 से 1,500 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों पर फ्यूल चार्ज में ₹300 की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी की घरेलू उड़ानों पर यह शुल्क ₹350 बढ़ाया गया है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के टिकट खर्च में अतिरिक्त बोझ जुड़ जाएगा।
चार यात्रियों वाले परिवार का खर्च बढ़ेगा
अगर चार लोगों का परिवार ऐसी घरेलू उड़ान से सफर करता है, जिस पर प्रति यात्री ₹350 की बढ़ोतरी लागू होती है, तो एक तरफ की यात्रा में परिवार को ₹1,400 अतिरिक्त देने होंगे। आने-जाने की यात्रा में यह अतिरिक्त खर्च ₹2,800 तक पहुंच सकता है। यह बढ़ोतरी बेस किराए से अलग होगी।
इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर भी बढ़ा चार्ज
इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के फ्यूल चार्ज में भी बदलाव किया है। SAARC सेक्टर के लिए शुल्क ₹1,000 से बढ़ाकर ₹3,000 कर दिया गया है। दक्षिण-पूर्व एशिया, GCC और मिडिल ईस्ट तथा उत्तर और पूर्वी एशिया के लिए फ्यूल चार्ज ₹5,500 रखा गया है। अफ्रीका के लिए यह ₹6,000 और यूरोप की उड़ानों के लिए ₹10,000 होगा।
ATF की बढ़ती कीमत बनी वजह
इंडिगो के मुताबिक, एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण फ्यूल चार्ज में यह बदलाव किया गया है। एयरलाइन के संचालन में ईंधन एक बड़ा खर्च होता है और ATF महंगा होने से उड़ानों की लागत भी बढ़ती है।
यात्रियों पर बोझ सीमित रखने की कोशिश
इंडिगो का कहना है कि बढ़ी हुई लागत की पूरी भरपाई करने के लिए फ्यूल चार्ज में इससे भी अधिक बढ़ोतरी करनी पड़ सकती थी। हालांकि, यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ को सीमित रखने के लिए शुल्क में नियंत्रित बढ़ोतरी की गई है। नई दरें केवल 6 अक्टूबर 2026 की रात 12:01 बजे के बाद की गई नई बुकिंग पर लागू होंगी।
Read More:
रकुल प्रीत सिंह का IT रेड की खबरों पर फूटा गुस्सा, बोलीं- मेरे नाम पर कोई बेनामी संपत्ति नहीं

