भारतीय रेलवे ने जम्मू-कश्मीर में रेल परिचालन की रफ्तार बढ़ाने की दिशा में एक अहम उपलब्धि हासिल की है। कटरा-बनिहाल रेल सेक्शन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टे रेल पुल अंजी ब्रिज को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पार किया। इससे इस रेल सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमत गति भी बढ़कर 100 किमी प्रति घंटा हो गई है।
1178 फीट ऊंचे चिनाब ब्रिज पर 100 की स्पीड
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “भारत के इंजीनियरिंग गौरव पर 100 किमी/घंटा की रफ्तार।” रेल मंत्रालय के मुताबिक, उत्तर रेलवे के कटरा-बनिहाल सेक्शन में ट्रेनों की अधिकतम गति सीमा को 75 से बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा किया गया है। इसी बदलाव के तहत वंदे भारत एक्सप्रेस का बढ़ी हुई गति पर सफल परीक्षण किया गया। ट्रेन ने करीब 1178 फीट की ऊंचाई पर बने चिनाब रेलवे ब्रिज और अंजी ब्रिज को 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पार किया।
कटड़ा-बनिहाल सेक्शन पर बढ़ी ट्रेन की रफ्तार
श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से बनिहाल के बीच करीब 111 किलोमीटर लंबे रेल सेक्शन पर अब तक ट्रेनों की अधिकतम गति 75 किमी प्रति घंटा थी। रेलवे ने तकनीकी और परिचालन परीक्षण के बाद इसे बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा कर दिया है। रेलवे के मुताबिक, गति सीमा बढ़ने का असर USBRL यानी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना के परिचालन पर भी पड़ेगा। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने से इस मार्ग पर यात्रा के समय में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों को तेज और सुगम रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।
चिनाब ब्रिज से गुजरती हैं तीन यात्री ट्रेनें
फिलहाल चिनाब ब्रिज से तीन यात्री ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें ट्रेन नंबर 26401/26402 जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस, 26403/26404 जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस और 14687/14688 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल एक्सप्रेस शामिल हैं। जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को इस साल जून में अनंतनाग स्टेशन पर भी ठहराव दिया गया था। इससे पहले ट्रेन उधमपुर के शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, रियासी और बनिहाल स्टेशनों पर रुकती थी।
Read More
इंजन के अंदर छिपा था 6 फीट का अजगर… CNG भरवाने पहुंचे ट्रक चालक के उड़े होश, देखें कैसे बची जान!


[…] 1178 फीट ऊंचे चिनाब ब्रिज पर 100 की स्पीड से… […]