जयपुर में डिजिटल कॉइन में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सोडाला थाना पुलिस ने इस मामले में मोहित कालिया और धनश्याम कंवले को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, निवेशकों से जुटाई गई रकम से आरोपियों ने महंगी गाड़ियां और बाइक खरीदी थीं। जांच के दौरान उनके कब्जे से मर्सिडीज कार और Triumph Street Triple बाइक बरामद की गई है।
वेबसाइट बनाकर निवेश का दिया गया लालच
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने डिजिटल कॉइन के नाम से एक वेबसाइट तैयार की थी। इसके जरिए लोगों को निवेश पर अच्छा और भारी रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया जाता था। मुनाफे की उम्मीद में कई लोग इस योजना में पैसा लगाने लगे। जांच में यह भी सामने आया कि निवेशकों तक पहुंच केवल ऑनलाइन माध्यम से नहीं बनाई गई। पुलिस का आरोप है कि मोहित कालिया और धनश्याम कंवले ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के जरिए भी लोगों को निवेश के लिए तैयार किया। निवेशकों को समय-समय पर मुनाफे का भरोसा दिया जाता रहा और इसी दौरान रकम जुटाई गई।
कंपनी और वेबसाइट बंद कर आरोपी हुए फरार
पुलिस का कहना है कि निवेशकों से रकम लेने के बाद बाद में कंपनी और उससे जुड़ी वेबसाइट बंद कर दी गई। जब लोगों को न तो उनका पैसा वापस मिला और न ही वादा किया गया रिटर्न, तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। सोडाला थाने में इस मामले में 1 जनवरी 2026 को FIR दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों और निवेश नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मोहित कालिया और धनश्याम कंवले को गिरफ्तार किया।
ठगी के पैसों से खरीदी महंगी कार और बाइक?
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मर्सिडीज कार और Triumph Street Triple बाइक बरामद की। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में इन वाहनों को कथित ठगी की रकम से खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। सोडाला थानाधिकारी मनोज बेरवाल के मुताबिक, अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि कितने निवेशकों से रकम ली गई, पैसे का लेनदेन किन खातों के जरिए हुआ और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Read More
चहल का अचानक बड़ा फैसला! इस फॉर्मेट से तुरंत लिया संन्यास, खबर सुनकर फैंस हुए हैरान

