Nushrratt Bharuccha Health Update: बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एक्ट्रेस वर्क-कम-हॉलिडे ट्रिप के लिए बाली गई थीं, जहां उनके साथ हादसा हो गया। इस दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है। फिलहाल नुसरत बाली के एक अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
रीढ़ की हड्डी की होगी सर्जरी
नुसरत की टीम की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हादसे में चोट लगने के बाद उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी कराई जाएगी। टीम ने बताया कि इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता एक्ट्रेस की सेहत है और उन्हें जरूरी चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराना है।
एयर एंबुलेंस से मुंबई लाने की तैयारी
टीम के अनुसार, नुसरत को बाली से मुंबई वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए भारत लाया जाएगा, जिसके बाद मुंबई में उनकी सर्जरी होने की बात कही गई है। चोट और प्रस्तावित सर्जरी को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें आराम और रिकवरी के लिए पर्याप्त समय देना जरूरी होगा।
वर्क कमिटमेंट पर पड़ सकता है असर
नुसरत की चोट और इलाज के कारण अगले कुछ हफ्तों तक उनके कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है। उनकी टीम के मुताबिक, रिकवरी के लिए समय दिए जाने की जरूरत होगी। ऐसे में उनके कुछ निर्धारित वर्क कमिटमेंट प्रभावित हो सकते हैं। समय पर काम पूरा नहीं कर पाने की स्थिति में उन्हें लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ सकता है, ऐसा माना जा रहा है।
फैन्स से की प्राइवेसी की अपील
एक्ट्रेस के प्रचारक की ओर से लोगों से नुसरत की निजता का सम्मान करने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि इस समय नुसरत को इलाज और रिकवरी पर ध्यान देने के लिए पर्याप्त स्पेस दिया जाना चाहिए। टीम ने फैन्स और शुभचिंतकों की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभार जताया है और कहा है कि उचित समय पर उनकी सेहत से जुड़ी आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
फिलहाल इससे ज्यादा जानकारी नहीं
नुसरत की टीम की ओर से फिलहाल उनकी सेहत या सर्जरी को लेकर इससे ज्यादा विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। हादसे की खबर सामने आने के बाद उनके फैन्स उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
‘प्यार का पंचनामा’ से मिली पहचान
नुसरत भरूचा के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने ‘प्यार का पंचनामा’ और ‘प्यार का पंचनामा2’ जैसी फिल्मों से अपनी खास पहचान बनाई। इसके बाद वह ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ और ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं। इन फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया।
कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं नुसरत
नुसरत भरूचा आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाली हैं। हालांकि, मौजूदा चोट और सर्जरी के कारण उनके आगामी काम और शूटिंग शेड्यूल पर क्या असर पड़ेगा, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
Read More:

