PM Modi Talk Captain Smit Machhar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की घटना में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत की। इस दौरान कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री को घटना के दौरान अपने अनुभव के बारे में बताया और यह भी साझा किया कि मुश्किल हालात में उन्हें हिम्मत कहां से मिली। पीएम मोदी ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बातचीत के दौरान, उन्होंने बताया कि उस मुश्किल घड़ी में उन्हें हनुमान चालीसा से हिम्मत मिली। कैप्टन मच्छर ने कहा कि वे नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान हनुमान ने उनकी और विमान में सवार लोगों की रक्षा की। घटना को याद करते हुए कैप्टन मच्छर भावुक हो गए।
दुबई से तेल अवीव जा रही थी फ्लाइट
कैप्टन स्मित मच्छार फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट उड़ा रहे थे। यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। उड़ान के दौरान उनके को-पायलट ने विमान को क्रैश कराने की कोशिश की। इस दौरान विमान अपनी क्रूजिंग ऊंचाई से अचानक हजारों फीट नीचे आ गया और कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
गंभीर रूप से घायल हुए कैप्टन
हमले के दौरान कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और विमान को सुरक्षित बचाने की कोशिश जारी रखी। घायल अवस्था में उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने का तरीका खोजा, जिसके बाद आगे बैठे यात्रियों और क्रू के सदस्यों को कॉकपिट तक पहुंचने का रास्ता मिला।
यात्रियों और पायलटों ने संभाला मोर्चा
कॉकपिट तक पहुंचने के बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने हमलावर पायलट को काबू किया। इस दौरान फ्लाइट में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी फ्लाईदुबई पायलट भी कॉकपिट में पहुंचे। उन्होंने विमान को संभालने में मदद की और इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर डायवर्ट किया गया।
तबुक में कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
विमान को तबुक डायवर्ट करने के बाद वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। पूरी घटना के दौरान कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान को बचाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश में जुटे रहे।
PM मोदी ने की बहादुरी की तारीफ
घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत कई लोगों ने तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित ने अपनी जान की परवाह किए बिना बहादुरी दिखाई और संभावित 9/11 जैसी त्रासदी को रोकने में अहम भूमिका निभाई।
गुजरात सरकार ने किया सम्मान का ऐलान
कैप्टन स्मित की बहादुरी को देखते हुए गुजरात सरकार ने उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करने का ऐलान किया है। इस घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार की भूमिका को विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया गया है।
Read More:
नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट जारी, कोर्ट में पेश न होने पर हुई कार्रवाई

