HomeBreaking NewsUPSC का 100 साल का सफर आज हुआ पूरा, शताब्दी पर PM...

UPSC का 100 साल का सफर आज हुआ पूरा, शताब्दी पर PM मोदी ने जारी किए सिक्के और डाक टिकट

संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक पड़ाव के मौके पर 1 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में शताब्दी समारोह आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह के दौरान उन्होंने UPSC की शताब्दी के अवसर पर स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया। साथ ही UPSC के सफर और सार्वजनिक सेवा से जुड़े विषयों पर एक विशेष पुस्तक का भी विमोचन किया गया।

UPSC का शताब्दी समारोह 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आयोजित किया गया। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों के लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद और UPSC से जुड़े अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में लोक सेवा और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी हुई।

1926 में हुई थी शुरुआत

UPSC की संस्थागत यात्रा 1 अक्टूबर 1926 को पहले Public Service Commission की स्थापना के साथ शुरू हुई थी। शुरुआती दौर में इसकी भूमिका मुख्य रूप से सलाह देने वाली थी। समय के साथ संस्था का स्वरूप बदला और आज यह संविधान के तहत स्थापित एक महत्वपूर्ण संवैधानिक निकाय है। संविधान में संघ और राज्य लोक सेवा आयोगों से जुड़े प्रावधान अनुच्छेद 315 से 323 तक दिए गए हैं।

सरकारी सेवाओं में चयन की अहम जिम्मेदारी

UPSC केंद्र सरकार की विभिन्न सेवाओं और पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित करता है। इसकी सबसे चर्चित परीक्षाओं में सिविल सेवा परीक्षा शामिल है। यह परीक्षा तीन चरणों-प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण-में होती है।

इसके माध्यम से IAS, IPS और भारतीय विदेश सेवा समेत विभिन्न सेवाओं के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाता है। इस तरह UPSC का 100 वर्षों का सफर देश में सरकारी सेवाओं के लिए चयन प्रक्रिया के विकास से भी जुड़ा रहा है।

यह भी पढ़ें : क्या आप भी चला रहे हैं किसी और का सिम? तुरंत करें बंद, नहीं तो होगी 3 साल…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments