इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की दिग्गज फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने आगामी सीजन के लिए अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। जहीर खान को हेड कोच बनाए जाने के बाद अब पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को सीएसके का नया बॉलिंग कोच नियुक्त करने का फैसला लिया गया है। मोहित शर्मा इस पद पर एरिक सिमंस की जगह लेंगे। सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने इस खबर पर मुहर लगाते हुए बताया कि नए हेड कोच जहीर खान की सिफारिश पर ही मोहित शर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। कोचिंग स्टाफ के अन्य सदस्यों का चयन भी जल्द ही जहीर की सलाह पर किया जाएगा।
धोनी की कप्तानी में चमका था करियर
हरियाणा के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को महेंद्र सिंह धोनी का बेहद भरोसेमंद माना जाता है। उन्होंने धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए हैं। आईपीएल में 120 मुकाबले खेलकर 134 विकेट चटकाने वाले मोहित ने 2013 के डेब्यू सीजन में 20 विकेट लेकर तहलका मचाया था। इसके बाद आईपीएल 2014 में उन्होंने 23 विकेट झटके, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। अपने आईपीएल करियर में वे सीएसके के अलावा पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का हिस्सा भी रहे हैं।
रणजी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर
मोहित शर्मा पहली बार 2012/2013 के रणजी सीजन में सिर्फ 8 मैचों में 37 विकेट लेकर चर्चा में आए थे, जिसके बाद सीएसके के तत्कालीन गेंदबाजी कोच एंडी मिचेल की नजर उन पर पड़ी थी। भारत के लिए खेले 34 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 37 विकेट हासिल किए। जिम्बाब्वे के खिलाफ जुलाई 2013 में अपने डेब्यू वनडे मैच में ही 10 ओवर में 2/26 रन देकर वह ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए थे। इसके अलावा उन्होंने 2014 टी20 वर्ल्ड कप और 2015 वनडे वर्ल्ड कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया, जहाँ 2015 वर्ल्ड कप में उन्होंने 13 विकेट चटकाए थे।
यॉर्कर और स्लोअर गेंदों के मास्टर
जैसे-जैसे मोहित शर्मा का करियर आगे बढ़ा, उन्होंने नई गेंद की स्विंग के साथ-साथ डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर और विविध प्रकार की धीमी (स्लोअर) गेंदें फेंकने में महारत हासिल कर ली। चेन्नई सुपरकिंग्स प्रबंधन को उम्मीद है कि एक खिलाड़ी के रूप में फ्रेंचाइजी के साथ उनका शानदार इतिहास रहा है और अब वे अपने विशाल अनुभव से सीएसके के युवा गेंदबाजों को तराशने में अहम भूमिका निभाएंगे।
READ MORE: दिल्ली में पकड़ी गई नकली रेबीज वैक्सीन के तार कानपुर तक जुड़े, दो मेडिकल एजेंसियों पर FIR दर्ज

