HomeBreaking Newsधार में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रॉले ने ईको वैन को...

धार में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रॉले ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 युवकों की मौत

मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम पंचकवासा के पास करीब दोपहर 1 बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रॉले ने सामने से आ रही मारुति ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे बदनावर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महाकाल के दर्शन के बाद लौट रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, सभी युवक गुजरात के वडोदरा के रहने वाले थे। वे उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद मारुति ईको वैन से गुजरात लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रॉले ने उनकी वैन को टक्कर मार दी।  हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

कांच तोड़कर वैन से निकाले गए शव

टक्कर के बाद वैन में सवार युवक बुरी तरह फंस गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने वैन की खिड़की का कांच तोड़कर शवों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से बदनावर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और SDM प्रियंका मिमरोद समेत पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गुजरात में मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

फोरलेन पर लगा जाम

हादसे के बाद बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है।

Read More

उत्तर प्रदेश सरकार ने युवा सिविल सेवा अधिकारियों को करियर गाइडेंस के लिए हर महीने स्कूलों का दौरा करने का दिया आदेश

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments