बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम(Sonu Nigam) ने एक बार फिर दिखा दिया कि संगीत उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिंदगी का अहम हिस्सा है। हाल ही में उन्होंने अस्पताल से एक वीडियो साझा किया जिसमें वे सर्जरी के दौरान भी गाना गाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद उनके फैंस भावुक होने के साथ-साथ उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं।
वीडियो में सोनू निगम अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में बेड पर लेटे दिखाई दे रहे हैं। मेडिकल टीम उनकी सर्जरी कर रही है और इसी दौरान सोनू मोहम्मद रफी के मशहूर गीत ‘सुहानी रात ढल चुकी’ को अपनी आवाज दे रहे हैं। यह गाना 1949 में आई फिल्म ‘दुलारी’ का है। सोनू निगम लंबे समय से मोहम्मद रफी को अपना आदर्श मानते रहे हैं इसलिए इस मुश्किल समय में भी उनका रफी साहब का गीत गाना खास बन गया।
डॉक्टर और उनकी टीम को किया वीडियो डेडिकेट
सोनू ने यह खास वीडियो अपनी सर्जरी करने वाले डॉक्टर डॉ. निलेश सतभाई और उनकी मेडिकल टीम को डेडिकेट किया। अपने पोस्ट में उन्होंने बताया कि दर्द के बीच भी संगीत का आनंद लिया जा सकता है। उनके इस अंदाज ने फैंस का दिल छू लिया। सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।


