दक्षिण कश्मीर के पुलवामा(Pulwama) जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त सुरक्षा अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड और देश विरोधी सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षाबलों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और सेना की संयुक्त टीम ने पुलवामा के पछार फ्रूट मंडी इलाके के पास नाका लगाया था।
इस दौरान आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की जांच की जा रही थी। चेकिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। उसकी पहचान पुलवामा जिले के द्रुबगाम पाईन निवासी तौसीफ अहमद डार के रूप में हुई।
बरामद सामान की जांच जारी
अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी लेने पर उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड, एक आईफोन, तीन देश विरोधी पोस्टर और एक कलाई घड़ी बरामद की गई। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
मकसद का पता लगाने में जुटी एजेंसियां
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि बरामद सामान का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और क्या आरोपी का किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि या नेटवर्क से कोई संबंध है। सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।