बठिंडा(Bathinda) जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में हेरोइन, प्रतिबंधित कैप्सूल, नशीली गोलियां और अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, थाना कोतवाली क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान गुरनैब सिंह को 600 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ पकड़ा गया। इसी क्षेत्र में लवप्रीत सिंह को 20 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया।
वहीं, थाना सिविल लाइन पुलिस ने कैंट रिंग रोड से करण कुमार और सुखचैन सिंह को 4.21 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया। सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए सुखमनी एन्क्लेव के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनके पास से 86 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा थाना थर्मल, कैंट और सदर पुलिस ने भी अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों के साथ कई लोगों को पकड़ा।
प्रतिबंधित कैप्सूल और नशीली गोलियां भी बरामद
पुलिस कार्रवाई में कई जगहों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल और नशीली गोलियां मिली हैं। थाना नेहियांवाला पुलिस ने 75 प्रतिबंधित कैप्सूल और हेरोइन के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, थाना नथाना और भगता भाईका क्षेत्रों में भी नशीली गोलियों और कैप्सूल के साथ कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
अवैध शराब के मामलों में भी कार्रवाई
पुलिस ने नशीले पदार्थों के अलावा अवैध शराब की तस्करी पर भी शिकंजा कसा है। गांव बल्लूआणा सहित कई स्थानों पर कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा गया।
जांच में जुटी पुलिस
बठिंडा पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 28 आरोपियों को जमानत पर रिहा किया गया।