Triggered Insaan Live On Assam Flood Relief: देश के लोकप्रिय यूट्यूबर निश्चय मल्हान, जिन्हें ‘ट्रिगर्ड इंसान’ और लाइव इंसान के नाम से भी जाना जाता है, ने असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए लगातार 50 घंटे की नो-स्लीप चैरिटी लाइवस्ट्रीम सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इस लाइव के दौरान उन्होंने दर्शकों के सहयोग से 70 लाख रुपये जुटाए हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी और लिखा, “अभी-अभी 50 घंटे का नो-स्लीप मैराथन स्ट्रीम पूरा किया और हम सभी ने मिलकर असम बाढ़ राहत के लिए ₹70 लाख जुटाए।”
देशभर से मिला जबरदस्त समर्थन
शुक्रवार को शुरू हुई इस चैरिटी लाइवस्ट्रीम को देशभर के दर्शकों का शानदार समर्थन मिला। ट्रिगर्ड इंसान के 15.3 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स ने बढ़-चढ़कर डोनेशन किया, जिससे यह अभियान बड़ी सफलता साबित हुआ। सोशल मीडिया पर भी इस पहल की जमकर सराहना की जा रही है।
लाइवस्ट्रीम से पहले की थी मदद की अपील
लाइवस्ट्रीम के डिस्क्रिप्शन में निश्चय मल्हान ने दर्शकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा था, ‘UPI के जरिए डोनेशन के लिए, कृपया इस लिंक का इस्तेमाल करें – [https://www.liveinsaan.in/tipzo](https://www.liveinsaan.in/tipzo)। असम कई सालों में आई सबसे बुरी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मैं हर घंटे की स्ट्रीम के लिए 20,000 रुपये डोनेट करूंगा। आइए हम सब इस समय असम के साथ खड़े हों।’ इसी अपील के साथ उन्होंने लाइवस्ट्रीम शुरू की, जिसे लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला।
अपनी ओर से भी 10 लाख रुपये देने का किया वादा
दर्शकों से मिले सहयोग के अलावा निश्चय मल्हान ने अपनी तरफ से 10 लाख रुपये अतिरिक्त देने का भी ऐलान किया। इससे राहत कार्यों के लिए कुल योगदान और अधिक मजबूत हुआ। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए किया जाएगा।
डोनेशन प्रक्रिया में रखा पारदर्शिता का ध्यान
निश्चय मल्हान ने डोनेशन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने का भरोसा भी दिया। उनके अनुसार, असम के क्रिएटर न्यूजबॉय के माध्यम से उन्हें एक सत्यापित स्रोत मिला, जो जमीन पर राहत कार्यों में एक्टिव है। उन्होंने बताया कि जुटाई गई पूरी राशि असमिया यूट्यूबर बॉन्डुस्ट्रीम्स को सौंपी जाएगी ताकि जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके। साथ ही दर्शकों को भी प्लेटफॉर्म के जरिए सीधे योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कौन हैं ट्रिगर्ड इंसान?
दिल्ली के रहने वाले निश्चय मल्हान अपने फैमिली-फ्रेंडली कॉमेडी और गेमिंग वीडियो के लिए जाने जाते हैं। अपना परिचय देते हुए उन्होंने कहा, “मेरा नाम निश्चय मल्हान है। मैं दिल्ली से हूँ , और मैं एक इंजीनियरिंग स्टूडेंट हूँ। अब मैं फुल-टाइम YouTube कर रहा हूँ। मैं साफ-सुथरे कॉमेडी गेमिंग वीडियो बनाता हूँ जिनका मजा हर कोई अपने परिवार के साथ ले सकता है।” उनके भाई अभिषेक मल्हान के अलावा उनकी मां, बहन और पत्नी भी सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर हैं और परिवार की ओर से भी राहत कार्यों में आर्थिक सहयोग किया गया।
असम बाढ़ के बीच बनी उम्मीद की मिसाल
असम हाल के वर्षों की सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। इस आपदा से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं और बड़े पैमाने पर घरों, जमीन और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। ऐसे समय में ट्रिगर्ड इंसान की यह चैरिटी पहल राहत कार्यों के लिए अहम योगदान है।
Read More:

