HomeBreaking NewsIRGC का बड़ा दावा, कुवैत में US एयरबेस किया तबाह, अमेरिका बोला-...

IRGC का बड़ा दावा, कुवैत में US एयरबेस किया तबाह, अमेरिका बोला- हमारा कोई नुकसान नहीं हुआ

West Asia Crisis: पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान के IRGC ने दावा किया है कि उसने कुवैत में मौजूद अमेरिका संचालित ‘अली अल सालेम’ एयरबेस पर बड़ा हमला कर दो ड्रोन हैंगर और विमानों के ईंधन डिपो को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, इस कार्रवाई के साथ कुवैत के नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा गया कि ‘जब तक अमेरिकी ‘काबिज और लुटेरी सेना’ को इस क्षेत्र से बेदखल नहीं कर दिया जाता, तेहरान की सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी।’

अमेरिका ने दावों को किया खारिज

IRGC के दावों को अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में CENTCOM ने कहा कि हाल ही में हुए किसी भी ईरानी हमले में अमेरिकी विमानों या सैन्य संपत्तियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। अमेरिकी सेना के अनुसार, ईरान की ओर से दागी गई सभी मिसाइलों और ड्रोन को या तो बीच हवा में मार गिराया गया या वे अपने निशाने तक पहुंचने में पूरी तरह नाकाम रहे। CENTCOM ने यह भी कहा कि क्षेत्र में 20 से अधिक अमेरिकी युद्धपोत, सैकड़ों विमान और हजारों सैनिक पूरी तरह मुस्तैद हैं।

F-35 लड़ाकू विमानों को लेकर भी आमने-सामने

इससे पहले भी ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य कार्रवाई को लेकर दावों का टकराव सामने आ चुका है। तेहरान ने दावा किया था कि उसने जोर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर मिसाइल हमला कर अमेरिका के तीन F-35 फाइटर जेट्स को पूरी तरह खत्म कर दिया, जबकि तीन दूसरे विमानों को भारी नुकसान पहुंचा। ईरान के अनुसार, यह हमला द्वीप समूह केशम पर अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में किया गया था। हालांकि, पेंटागन और जोर्डन की सेना ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि सभी मिसाइलों को समय रहते इंटरसेप्ट कर लिया गया था और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से बढ़ी चिंता

अमेरिका और ईरान के बीच जारी हवाई और नौसैनिक टकराव के बीच ईरान ने रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा बंद कर दिया है। इस कदम से मध्य पूर्व से होने वाली तेल और गैस की समुद्री आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ सकता है। इसी दौरान मिस्र के गैस आयात केंद्र और कुवैत में एक चीनी कंपनी के ठिकाने पर भी हमलों की खबरें सामने आई हैं।

दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं

ईरान और अमेरिका दोनों की ओर से एक-दूसरे के दावों का लगातार खंडन किया जा रहा है। फिलहाल कुवैत के ‘अली अल सालेम’ एयरबेस पर नुकसान या F-35 लड़ाकू विमानों के तबाह होने के दावों की किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में दोनों देशों के आधिकारिक बयानों के बीच सच्चाई स्पष्ट होना अभी बाकी है।

Read More:

पाकिस्तान की कोयला खदान में बड़ा धमाका, मीथेन गैस विस्फोट से गई 32 मजदूरों की जान, कई के फंसे होने की आशंका

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments