गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(CM Dhami) की पहल के तहत उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में साधु-संतों को जैविक उत्पादों की सूक्ष्म किट भेंट की गई। इस पहल का उद्देश्य गुरु परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ प्रदेश में जैविक खेती और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है। CM धामी की ओर से भेजे गए शुभकामना संदेश भी संतों को सौंपे गए।
इस अभियान के तहत बागेश्वर जिले में जिला कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती ने बागनाथ मंदिर, नीलेश्वर महादेव मंदिर और कालिका मंदिर का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद साधु-संतों से मुलाकात कर उन्हें जैविक उत्पादों की सूक्ष्म किट और गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं भेंट कीं। इस दौरान संतों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सकारात्मक कदम बताया।
जैविक खेती को बढ़ावा देने की कोशिश
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल गुरु परंपरा का सम्मान करना ही नहीं बल्कि प्रदेश में तैयार होने वाले जैविक उत्पादों को लोगों तक पहुंचाना भी है। इसके साथ ही प्राकृतिक और जैविक खेती के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक किसान इस दिशा में आगे बढ़ें।


