भारत के सबसे दर्दनाक विमान हादसों में शामिल अहमदाबाद एयर इंडिया क्रैश की पहली बरसी से पहले जांच रिपोर्ट को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) शुक्रवार को एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 दुर्घटना की अंतरिम या अंतिम जांच रिपोर्ट जारी कर सकता है।
बरसी पर आ सकती है जांच रिपोर्ट
एक रिपोर्ट के अनुसार अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के एनेक्स-13 के तहत अगर किसी विमान दुर्घटना की अंतिम रिपोर्ट 12 महीनों के भीतर जारी नहीं हो पाती, तो संबंधित देश को दुर्घटना की बरसी पर जांच की प्रगति से जुड़ा एक अंतरिम बयान जारी करना होता है। इसी प्रावधान के तहत उम्मीद की जा रही है कि AAIB हादसे की जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक कर सकता है।
कैसे हुआ था ये विमान हादसा?
12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान, अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद विमान ने नियंत्रण खो दिया और मेघाणीनगर इलाके में स्थित बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर पर जा गिरा। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और पूरा क्षेत्र धुएं और मलबे से भर गया।
260 लोगों की हुई थी मौत
इस भीषण हादसे में विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव अभियान कई घंटों तक चला था और पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई थी।
Read More
अनुपम खेर को फ्लाइट में मिली जिंदगी की बड़ी सीख, भारी वजन वाले सह-यात्री ने खोल दी आंखें

