पटना के मुसल्लहपुर हाट फायरिंग मामले में नाम सामने आने के बाद चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जहां एक ओर पटना पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के देवरिया स्थित उनके पैतृक गांव भाटपाररानी से भी कई आरोप सामने आए हैं।
पड़ोसी ने लगाया दबाव और विवाद का आरोप
खान सर के पड़ोसी अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि रास्ते और जमीन से जुड़े विवाद को लेकर वह पिछले दो वर्षों से परेशान रहे हैं। अशोक सिंह का दावा है कि खान सर ने मोहल्ले के लोगों पर दबाव बनाया और उनकी बाउंड्री वॉल भी तुड़वा दी। उन्होंने यहां तक कहा कि जो व्यक्ति मोहल्ले में ऐसा कर सकता है, वह किसी भी हद तक जा सकता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चाचा ने कहा – ‘शिक्षक नहीं, माफिया हैं’
इस पूरे विवाद में सबसे तीखा बयान खान सर के चाचा इमरान का सामने आया है। उन्होंने कहा, “खान सर कोई शिक्षक नहीं, बल्कि माफिया हैं। जो लाखों बच्चे उनके यूट्यूब चैनल पर पढ़ रहे हैं, उन्हें धोखा दिया जा रहा है।” इमरान ने आरोप लगाया कि खान सर को पैसे का घमंड हो गया है और वे अपने सामने किसी को आगे बढ़ता नहीं देखना चाहते। उन्होंने उन्हें “नटवरलाल” तक कह दिया और दावा किया कि उनकी कोचिंग के परिणामों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है।
क्या है पटना फायरिंग विवाद?
इस विवाद की शुरुआत 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में हुई घटना से हुई थी। आरोप है कि खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर हमला और तोड़फोड़ के दौरान सुरक्षा गार्डों ने कई राउंड फायरिंग की थी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और खान सर का नाम भी FIR में शामिल किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की पड़ताल जारी है।
Read More
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का 36 साल पुराना रिकॉर्ड!

