Ludhiana Firing: लुधियाना में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर उस पर पिस्तौल तान दी और गोली चला दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
युवक को निशाना बनाने पहुंचे थे हमलावर
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, दो युवक काफी समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियां करते हुए नजर आ रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो के पीछे मोटरसाइकिल पर बैठा युवक अपने मोबाइल पर वीडियो देख रहा था। आरोप है कि हमलावर उसी युवक को निशाना बनाने के इरादे से वहां पहुंचे और अचानक उस पर पिस्तौल तान दी।
पहली गोली चली
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हमलावरों ने युवक पर गोली चलाई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद दूसरी गोली चलाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन फायर मिस हो गया। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके की ओर दौड़ पड़े।
भीड़ देखकर बदमाशों ने छोड़ी बाइक
स्थानीय लोगों को अपनी ओर आते देख हमलावर घबरा गए। जल्दबाजी में वे अपनी मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में पैदल फरार हो गए। वहीं जिस युवक को निशाना बनाया गया था, वह भी जान बचाने के लिए मौके से भाग निकला।
पुलिस के हाथ लगी अहम कड़ी
मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल से बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार बाइक पर सरकारी नंबर प्लेट लगी हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।
चेसिस और इंजन नंबर से होगी पहचान
पुलिस अब मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर और इंजन नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके।
किसी के घायल होने की सूचना नहीं
पुलिस ने साफ किया है कि घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में इसे हवाई फायरिंग का मामला माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Read More:
सीजफायर पर मंडराया संकट! ईरान ने अमेरिका से बातचीत रोकी, क्या फिर बंद हो जाएगा होर्मुज?

