गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवनीत विहार कॉलोनी में सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड(Surya Murder Case) से जुड़े मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य आरोपी असद के घर पर उप जिलाधिकारी (SDM) की ओर से आधिकारिक नोटिस चस्पा किया गया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हलचल तेज हो गई है और स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में अवैध कब्जा और निर्माण नहीं हटाया गया तो आगे की कार्रवाई के तहत बुलडोजर चलाया जा सकता है।
ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर से मुनादी
कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने रविवार को पूरे क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। लाउडस्पीकर के माध्यम से स्थानीय लोगों को यह जानकारी दी गई कि आरोपी परिवार के मकान पर अवैध कब्जे को लेकर 15 दिनों का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है।
अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि तय समय सीमा के भीतर यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो प्रशासन सख्त कदम उठाएगा। इस घोषणा के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई।
संपत्ति असद के पिता के नाम पर दर्ज
सूत्रों के अनुसार यह संपत्ति असद के पिता के नाम पर दर्ज है। हालांकि, कुछ समय से इसके हस्तांतरण या बिक्री को लेकर भी चर्चा सामने आई थी लेकिन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के रिकॉर्ड में अभी भी यह संपत्ति उनके पिता के नाम पर ही दर्ज बताई जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि जांच में यदि अवैध निर्माण या कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले में कानून व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सरकार का पीड़ित परिवार को समर्थन
इस घटना के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने सूर्या के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मां और बहन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
28 मई को गाजियाबाद में 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की चाकू से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस बीच, सूर्या की मां और बहन ने कहा कि मुख्य आरोपी के खिलाफ की गई कार्रवाई को वे उचित मानती हैं। इसके साथ ही परिवार ने यह भी आग्रह किया है कि यदि अन्य आरोपियों की खोज होती है तो उनकी संपत्तियों की जांच की जाए और कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि जब तक सभी जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिलती तब तक उन्हें पूरी तरह न्याय नहीं मिलेगा।