Ludhiana Factory Gas Leak: पंजाब के लुधियाना में पाना-चाबी वाली एक फैक्ट्री में जहरीली गैस लीक होने की वजह से तीन लोगों की जान चली गई। आरके रोड स्थित पाना-चाबी बनाने वाली फैक्ट्री में सोमवार तड़के करीब दो बजे गैस लीक होने से बाप-बेटे समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी बेहोश हो गए। कुछ श्रमिकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, फैक्ट्री में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस पाइपलाइन से रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में जहरीली गैस पूरे परिसर में फैल गई। गैस का असर इतना तेज था कि कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण कई कर्मचारी वहीं गिर पड़े।
बाप-बेटे समेत तीन की मौत
प्रशासन ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान मान सिंह, उनके बेटे अमित और श्रीराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मान सिंह और अमित मशीन के नीचे जमा होने वाली मिट्टी को भरने के लिए गए थे, तभी वे जहरीली गैस की चपेट में आ गए। अमित शादीशुदा था और उसकी करीब डेढ़ साल की एक बेटी है।
परिवार ने लगाए सूचना न देने के आरोप
मृतक मान सिंह की बेटी रेनू ने आरोप लगाया कि परिवार को हादसे की कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि उनके पिता और भाई रात की ड्यूटी पर गए थे और रात दो से तीन बजे तक घर लौट आते थे। जब फोन नहीं उठा तो परिवार फैक्ट्री पहुंचा, जहां उन्हें अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली। बाद में अस्पताल पहुंचने पर पिता और भाई की मौत की खबर मिली। रेनू ने यह भी कहा कि घटना के बाद अभी तक फैक्ट्री मालिक परिवार से मिलने नहीं पहुंचे हैं।
अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल कई मजदूरों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन के मुताबिक दो श्रमिकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज ओसवाल अस्पताल में जारी है। अन्य प्रभावित कर्मचारियों की भी चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
एसडीएम जसलीन कौर भुल्लर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में फैक्ट्री परिसर में एक टैंक होने की बात सामने आई है, जिसमें किसी प्रकार का रासायनिक पदार्थ या अन्य सामग्री रखी गई हो सकती है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि रिसाव किस गैस का हुआ था।
पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की टीम करेगी पड़ताल
घटना की जांच के लिए पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड और नगर निगम की टीमों को बुलाया गया है। अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि गैस रिसाव की असली वजह क्या थी और सुरक्षा मानकों में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More:

